सीकर के पीडब्लूडी ऑफिस में 7 दिन पहले हुई मारपीट के मामले में ठेकेदारों में आक्रोश है। ठेकेदार एसोसिएशन संघर्ष समिति ने घटना के विरोध में आज सीकर जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में लिखा है कि 7 अक्टूबर को PWD खंड प्रथम कार्यालय परिसर में इंजीनियरों ने बाहर से असामाजिक तत्वों को बुलाकर ठेकेदार रामावतार जाखड़ के साथ मारपीट की। घटना में ठेकेदार की आंख, छाती और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। ठेकेदार संघ ने मांग की है कि घटना के दिन दोपहर 1:38 बजे से 2:40 बजे के बीच PWD ऑफिस और पुलिया के आसपास के सभी सरकारी व निजी CCTV कैमरों की फुटेज देखकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए। साथ ही, ठेकेदार से मारपीट करने वाले आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन के माध्यम से ठेकेदारों ने विभागीय अधिकारियों पर पद के दुरुपयोग और समय पर बिलों का भुगतान ना करने का भी आरोप लगाया है। ज्ञापन में ठेकेदारों की सुरक्षा के लिए कॉन्ट्रैक्टर प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने तथा भुगतान के नियमों का पालन करने की मांग की है।