सीकर शहर में देर रात सांड के हमले में रेस्टोरेंट संचालक की मौत का मामला सामने आया है। संचालक अपने रेस्टोरेंट से घर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान पिपराली रोड पर यह हादसा हुआ। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उद्योग नगर थाना SHO राजेश कुमार बुडानिया ने बताया कि घटना पिपराली रोड पर G5 के पास की है। जयपुर-झुंझुनूं बाईपास पर रेस्टोरेंट चलाने वाला जितेश(22) पुत्र रामदेव अपने रेस्टोरेंट से रात करीब 11 बजे आजाद नगर में अपने घर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान सामने से सांड आया। जिसने जितेश पर हमला किया। घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के पिता रामदेव विदेश में नौकरी करते हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद वह आज सीकर पहुंचे हैं। जिनकी मौजूदगी में अंतिम संस्कार होगा। सांड का हमला इतना खतरनाक था कि जितेश का लंग्स बाहर आ गया। बता दें कि शहर में पिछले 5 साल में सांड/गौवंश के हमले में करीब 1 दर्जन लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद इन्हें शहर से दूर ले जाने के लिए नगर परिषद कोई स्थायी समाधान नहीं कर पाया है।