सीकर की कोतवाली थाना पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहली कार्रवाई में दो हजार रुपए के इनामी ठग दिलशाद सीकर जिले के किरडोली गांव निवासी को गिरफ्तार किया, जो पिछले दो साल से विदेश में छिपकर फरारी काट रहा था। वहीं दूसरी कार्रवाई में सीकर की नाबालिग लड़की का किडनैप करने वाले आरोपी को बिहार के दरभंगा से गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ में जुट गई है। विदेश में नौकरी लगवाने के नाम पर ठगे थे 4 लाख रुपए कोतवाल सुनील जांगिड़ ने बताया कि परिवादी इलियास ने 6 जनवरी 2024 को आरोपी दिलशाद और उसके साथी रविस पर विदेश में नौकरी लगवाने के नाम पर 4 लाख रुपए ठगने का मुकदमा दर्ज करवाया था। आरोपियों ने इलियास को अर्मेनिया में अच्छी नौकरी, मोटी सैलरी और शानदार सुविधाओं का झांसा दिया और 4 लाख रुपए ऐंठ लिए। पुलिस से बचने के लिए आरोपी भाग गया था विदेश जब पीड़ित इलियास अर्मेनिया पहुंचा, तो वहां एग्रीमेंट के अनुसार, सैलरी नहीं मिली और ना सुविधाएं मिलीं। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने मामला दर्ज कराया। पुलिस जांच में ठगी सामने आने के बाद दिलशाद गिरफ्तारी से बचने के लिए विदेश भाग गया था। पुलिस ने उस पर 2 हजार रुपए का इनाम घोषित कर दिया था। हाल ही में पुलिस को आरोपी के गांव किरडोली आने की सूचना मिलते ही टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। नाबालिग को किडनैप कर बिहार ले गया मजदूर, पुलिस ने दरभंगा में दी दबिश वहीं, दूसरी कार्रवाई में कोतवाली पुलिस ने 3 मई को हुई नाबालिग लड़की की किडनैपिंग मामले में आरोपी को बिहार से गिरफ्तार किया है। कोतवाली के सीआई सुनील जांगिड़ ने बताया कि आरोपी मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और सीकर में मजदूरी करने आया था। आरोपी ने यहां एक नाबालिग लड़की को बहलाया-फुसलाया और अपने साथ बिहार ले गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर नाबालिग की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस टीम ने आरोपी के मोबाइल नंबर के कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर उसे ट्रेस किया। पुलिस को आरोपी की लोकेशन बिहार के दरभंगा में मिलने पर एक टीम वहां पहुंची और स्थानीय इनपुट की मदद से पुलिस ने आरोपी के घर पर छापा मारा। पुलिस ने वहां से नाबालिग पीड़िता को बरामद किया और आरोपी को गिरफ्तार कर सीकर ले आई।