सीकर में 40 डिग्री टेंपरेचर में नंगे पैर चले साधु-संत गौवंश की हत्या पर फांसी और गाय को राष्ट्रीय माता का दर्जा देने की मांग सीकर में आज गौ सम्मान आह्वान अभियान महारैली निकली। रामलीला मैदान से कल्याण धाम, घंटाघर, जाटिया बाजार, तापड़िया बगीची, कल्याण सर्किल होकर कलेक्ट्रेट तक रैली में हजारों लोग शामिल हुए। रैली में 40 डिग्री टेंपरेचर में साधु-संत नंगे पैर चले। गौवंश संरक्षण के नारे लगाए गए और कलेक्ट्रेट पहुंचकर हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। रैली में शामिल साधु-संतों व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के जरिए गौवंश की हत्या पर फांसी देने और गाय को राष्ट्रीय माता का दर्जा देने की मांग की है। सीकर की गौ सम्मान आह्वान रैली में 42 गांवों के लोग शामिल हुए। रैली में शामिल दिनेशगिरी महाराज ने कहा कि गाय के लिए हम आगे नहीं आएंगे तो जनरल स्टोर की दुकानों पर मांस बिकेगा। सीकर रैली संयोजक चंद्रमादास महाराज ने कहा कि सीकर मेें आज गौ वंश के संरक्षण व संवर्द्धन के‌ लिए गौ सम्मान दिवस मनाया गया। गौ माता राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने के लिए आज पूरे देश में जिला‌ कलेक्टर और तहसीलदार को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व राज्यपाल के नाम‌ ज्ञापन दिया गया। सीकर में 42 गांवों के लाेगों के साथ पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी के साथ विभिन्न व्यापारिक, धार्मिक और सामाजिक संगठनों के लोग शामिल हुए। सीकर में आज ज्ञापन के साथ 31 हजार हस्ताक्षर पत्र भी कलेक्टर को सौंपा। कल्याण धाम के महंत विष्णु प्रसाद शर्मा ने कहा कि गौ सम्मान आह्वान अभियान तब तक चलेगा, जब तक देश में गायों की रक्षा, सुरक्षा, सम्मान, अनुदान सुनिश्चित नहीं हो‌ जाता। रैली में वक्ताओं ने कहा कि गाय की सरकार और गाय के देश में गौ वंश के मजबूत कानून बनने की जरूरत है।