सीकर के भगवान गोपीनाथ जी पर सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में गुरुवार को मंदिर के महंतों और शहरवासियों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान गोपीनाथ मंदिर से एसपी ऑफिस तक एक विशाल रैली निकाली गई। एसपी ऑफिस के बाहर प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और आरोपी की अविलंब गिरफ्तारी की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। गोपीनाथ मंदिर के महंत तरुण गोस्वामी ने बताया कि अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर भगवान गोपीनाथ की प्रतिमा का विशेष श्रृंगार कर चंदन लगाया गया था। इस दौरान सुरेश थालोड़ नामक युवक ने फेसबुक पर भगवान के स्वरूप पर अमर्यादित टिप्पणी की। इस संबंध में 1 मई को ही कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज करा दी गई थी, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। महंत तरुण गोस्वामी (गोपीनाथ मंदिर) ने बताया- एसपी प्रवीण नायक को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। साथ ही, उसे मंदिर लाकर सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई जाए। चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई, तो 11 मई से सीकर के सभी मंदिरों के पट (कपाट) अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी। वहीं, महंत सुरेंद्र गोस्वामी ने कहा कि संत-महात्मा सदैव लोक कल्याण की भावना रखते हैं और कभी किसी का बुरा नहीं चाहते, लेकिन धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले ऐसे अपराधियों को कानूनन उचित सजा मिलना अत्यंत आवश्यक है।