सीकर में सोमवार रात हुई बारिश के बाद मंगलवार दिनभर मौसम सामान्य रहा। तापमान में करीब 4 डिग्री की गिरावट हुई है। वहीं, बुधवार से अब शहर का तापमान बढ़ने लगेगा। सीकर जिले के फतेहपुर में कृषि अनुसंधान केंद्र पर स्थित मौसम केंद्र पर मंगलवार दिन का अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री और आज सुबह का न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि इससे पहले साेमवार को अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री दर्ज किया गया था। बता दें कि नया वेदर सिस्टम एक्टिव होने से सीकर में पिछले 5 दिन से गर्मी से राहत है। अधिकतम तापमान भी 35 डिग्री के आसपास बना हुआ है। बीती रात सीकर जिला मुख्यालय पर धूल भरी आंधी चली। इसके बाद पिपराली, रघुनाथगढ़, कटराथल, बाजौर समेत कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। बारिश की वजह से रात से ही हवा चलनी शुरू हो गई थीं। करीब 22 दिन बाद मंगलवार सुबह का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। अब 2 दिन मौसम में लगातार बदलाव होंगे। अब आगे क्या सीकर में अगले 2 दिन बादलों की हल्की गतिविधियां रहेंगी। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार सीकर समेत पूरे उत्तरी-पूर्वी राजस्थान में 6 दिन पहले नया वेदर सिस्टम एक्टिव हुआ था। इस वजह से 28 अप्रैल की रात से आंधी-अंधड़ और बारिश का क्रम बना रहा। अब 6 मई से तापमान फिर बढ़ने की उम्मीद है।