सीकर में बीती रात जिले के पूर्वी इलाकों में अच्छी बारिश हुई। आज जिला मुख्यालय समेत जिलेभर में बारिश का अलर्ट है। गुरुवार शाम से ही तेज हवाएं चल रही हैं। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। आज और कल सीकर जिले में बारिश होने की संभावना है। 3 डिग्री गिरा तापमान मौसम में बदलाव होने के कारण गुरुवार रात को हवाओं ने ठंडक‌ का अहसास कराया। आज सुबह के न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। अगले 2 रात के तापमान में गिरावट जारी रहेगी। आज सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। तेज हवाएं चल रही हैं। गुरुवार शाम को‌ भी कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई थी। बात करें सीकर‌ के तापमान की तो, फतेहपुर में कृषि अनुसंधान केंद्र पर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र पर आज सुबह का न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 36.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.3 डिग्री दर्ज किया गया। 18 अक्टूबर तक बारिश की संभावना जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के डायरेक्टर राधेश्याम शर्मा ने बताया कि सीकर में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से बारिश की संभावना बनी हुई है। 18 अक्टूबर तक मौसम में परिवर्तन जारी रहेगा। आज सुबह से तेज हवा चल रही है। फिलहाल सीकर समेत पूर्वी राजस्थान में 2 दिन तक बारिश का अलर्ट है।