सीकर में सोमवार को आए अंधड़ और बूंदाबांदी के बाद तापमान में गिरावट देखी गई। सीकर में मंगलवार को तापमान में करीब 3.5 डिग्री की गिरावट रही। पिछली रात सीकर के कुछ इलाकों में धूल भरी हवा के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई थी। तेज धूप के बीच हवा की वजह से तापमान में गिरावट रही। हालांकि आज सुबह से तेज धूप निकली और भीषण गर्मी बरकरार है। वहीं बुधवार को बारिश के साथ आंधी आने की संभावना है। इसके अलावा अगले एक सप्ताह तक मौसम में बदलाव जारी रहेंगे। सीकर में पिछले डेढ़ सप्ताह से दिन का तापमान 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है। 24 घंटे पहले सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज हुआ। वहीं इसके बाद आंधी-बूंदाबांदी की वजह से तापमान में गिरावट हुई। निम्न वायुदाब बनने से सोमवार शाम को मौसम में बदलाव हुआ था। आसमान साफ होने की वजह से तेज धूप निकली और दिनभर गर्मी तेज रही। एक सप्ताह तक छाए रहेंगे बादल सीकर जिले के फतेहपुर में कृषि अनुसंधान केंद्र स्थित मौसम केंद्र पर मंगलवार को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री और सुबह का न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं इससे पहले सोमवार को अधिकतम तापमान 44.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री दर्ज किया गया था। सीकर में अगले एक सप्ताह तक बादलों की आवाजाही रहेगी। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार सीकर समेत पूरे उत्तरी-पूर्वी राजस्थान में नया वेदर सिस्टम एक्टिव है। फिलहाल एक सप्ताह तक मौसम में बार-बार बदलाव होंगे। अप्रैल महीने के अंतिम 2 दिन अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास रहेगा। इस बीच धूल भरी आंधियां चलने और बूंदाबांदी होने का अनुमान है।