सीकर में बीती रात बादलों की आवाजाही से रात के तापमान में 3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई। रात को ठंडी हवा चलने से हल्की सर्दी का असर महसूस हो रहा है। वहीं बाजारों में गर्म कपड़े बिकने लगे हैं। जिले में पिछले एक सप्ताह से मौसम में तेजी से परिवर्तन हुआ है। अगले 2 दिन में तापमान में गिरावट की संभावना है। जिले के फतेहपुर कृषि अनुसंधान केंद्र पर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र पर आज सुबह का न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री दर्ज किया गया। तापमान में लगातार बदलाव होने के कारण मौसमी बिमारियां बढ़ गई हैं। जयपुर मौसम केंद्र के डायरेक्टर राधेश्याम शर्मा के अनुसार सीकर जिले में हल्की‌ ठंडक का अहसास शुरु हो गया है। अगले 2-3 दिन में मौसम में नए विक्षोभ का असर देखने‌ को मिलेगा। 2 दिन बाद फिर हल्के बादल छाने की संभावना है। सीकर जिले में हवाओं की वजह से तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।