सीकर जिले में एक विवाहिता और युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। महिला अपने घर से जेवरात और रुपए भी लेकर गई। पति ने एक युवक पर शक जताया है। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है। विवाहिता (29) के पति ने पुलिस में शिकायत देकर बताया कि 5 अक्टूबर को वह अपने काम पर चला गया था। दोपहर करीब 1:30 बजे के लगभग उसकी पत्नी घर से करीब 50 हजार रुपए नगद और जेवरात लेकर चली गई। उस समय घर पर 13 साल की बेटी थी। बेटी ने ही इस बारे में सूचना दी। जानकारी जुटाने पर पता चला कि एक युवक उसे अपने साथ लेकर चला गया। युवक ने फोन पर पत्नी की बात भी कराई। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है। 19 साल की युवती लापता 19 साल की युवती के लापता होने के केस में उसके पिता ने पुलिस में शिकायत दी है। शिकायत में बताया कि उनकी बेटी 7 अक्टूबर की सुबह कहीं पर चली गई थी, जिसकी उन्होंने काफी तलाश की लेकिन कुछ भी पता नहीं चल पाया। अब इस मामले में भी पुलिस जांच कर रही है। परिवार खेत पर गया,घर में चोरी सीकर में बंद मकान में चोरी का मामला सामने आया है। इस संबंध में रघुनाथपुरा निवासी रामचंद्र ने पुलिस में शिकायत देकर बताया कि वह अपने बच्चों के साथ खेत में रहते हैं। पास में ही उनका दूसरा मकान है, जहां पर अपनी पत्नी के जेवरात रखे थे। यहां से 2 लाख के जेवरात चोरी हो गए। इस मामले में भी पुलिस जांच कर रही है।