धौलपुर जिले में खेत में 2 भतीजों और चाचा का शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि देवर का फोन पर भाभी से झगड़ा हुआ था। इसके बाद उसने 2 भतीजों की गला और मुंह दबाकर हत्या कर दी। भतीजों को मारने के बाद खुद ने भी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दोनों बच्चों के गले पर चोट के निशान मिले, जबकि चाचा की गर्दन पर सिर्फ फंदे के निशान मिले। मामला कंचनपुर थाना इलाके के पुरा सिकरौंदा गांव का है। 3-4 महीने से चल रहा था पारिवारिक विवाद थानाधिकारी हरेंद्र सिंह ने बताया- 21 अक्टूबर को विष्ण कुशवाह (25), सनी (8) और मानस (6) के शव गांव के पास खेत में मिले थे। पुलिस ने हत्या और सुसाइड के एंगल से जांच शुरू की। इस दौरान सामने आया कि विष्णु का अपने भाई-भाभी के साथ पिछले 3-4 महीनों से आपसी संबंधों और पारिवारिक परिस्थितियों को लेकर तनाव चल रहा था। परिजनों ने विवाद सुलझाने के प्रयास भी किए, लेकिन मनमुटाव बना रहा। करीब 1 महीने पहले भी विवाद हुआ था, जिसके बाद परिवार के सदस्यों के बीच दूरी बढ़ गई थी। 20 अक्टूबर को विष्णु अपनी मां जनक (50) और दोनों भतीजों को लेकर बाइक से 22KM दूर बहन के घर गया था। उसके घर माता पूजन का कार्यक्रम था। विष्णु की मां आकपुरा बसेड़ी में बेटी के घर रुक गई थी, जबकि विष्णु दोनों भतीजों को लेकर घर के लिए निकल गया था। देर रात तक तीनों घर नहीं लौटे तो परिजनों ने रिश्तेदारों को फोन किया। किसी ने भी उनके आने की बात नहीं कही। बच्चों की हत्या के बाद खुद ने भी लगाया फंदा थानाधिकारी ने बताया- 21 अक्टूबर को सुबह करीब 7 बजे पड़ोस के गांव के युवक ने तीनों के शव सरकारी चारागाह जमीन में देखे और पुलिस को सूचना दी। विष्णु की बाइक भी घटनास्थल पर मिली। जांच में सामने आया कि दोपहर करीब 2:30 बजे विष्णु ने अपने बड़े भाई संतोष (35) के मोबाइल पर फोन किया और भाभी वीनेश (32) से बात की। इस दौरान दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। बहन के घर से लौटते समय शाम करीब 5 बजे वह दोनों भतीजों को बाबू चौराहे पर ले गया और उनके लिए खाने-पीने का सामान खरीदा। इसके बाद दोनों बच्चों को लेकर खेतों की तरफ चला गया, जहां दोनों बच्चों की गला और मुंह दबाकर हत्या कर दी। फिर खुद ने भी बबूल के पेड़ पर प्लास्टिक की रस्सी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। --------- ये खबर भी पढ़ें खेत में मिले चाचा और 2 भतीजों के शव:जमीन पर पड़े थे बच्चे, पेड़ पर लटका था युवक; हत्या की आशंका धौलपुर जिले में घर से 1 KM दूर खेत में चाचा और दो भतीजों के शव मिले। बच्चों के शव जमीन पर पड़े थे। चाचा पेड़ पर फंदे से लटका हुआ था। घटना कंचनपुर थाना क्षेत्र के पुरा सिकरौंदा गांव में बुधवार सुबह की है। बच्चों की गला घोंटकर हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। (पढ़ें पूरी खबर)