सीकरी थाना क्षेत्र के झंझार गांव में जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। दोनों ओर से जमकर लाठी और फरसी चलीं, जिसमें 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक पक्ष के 2 और दूसरे पक्ष के 3 लोग शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमले में 70 वर्षीय बुजुर्ग जीवनलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके पैर पर फरसी से वार किए गए। जिनकी हालत गंभीर हैं और उनका एक पैर करीब-करीब अलग होने की नौबत पर है। वहीं, पूनम नाम की महिला के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। पुरानी रंजिश और जमीन पर दावेदारी बनी वजह घायल पक्ष के राजेंद्र ने बताया कि जमीन के मालिकाना हक को लेकर परिवार के दूसरे पक्ष से विवाद चल रहा था। आरोप है कि रोहताश, विजेंद्र, राकेश, मानसिंह, जगदीश और मंगल सहित अन्य लोगों ने एकराय होकर अचानक लाठी-फरसी से हमला बोल दिया। इस हमले में जीवनलाल और पूनम लहूलुहान होकर गिर पड़े। वहीं, घटना में दूसरे पक्ष के सरोज, राकेश और जगदीश भी घायल हुए हैं, जो इलाज कराने अस्पताल पहुंचे। पुलिस के मुताबिक जमीन की मालिकाना हक को लेकर दोनों पक्ष अपनी-अपनी दावेदारी ठोक रहे हैं। अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड के बाहर हाईवोल्टेज ड्रामा गांव में खूनी संघर्ष के बाद मामला उस समय और गरमा गया, जब दोनों पक्षों के लोग अलवर जिला अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड के सामने भी आमने-सामने आ गए। वापस में तीखी बहस और कहासुनी हो गई। अस्पताल परिसर में अचानक बने तनाव के माहौल से वहां मौजूद मरीजों और तीमारदारों में अफरा-तफरी मच गई। हालात बिगड़ते देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को बीच-बचाव कर मामला शांत कराना पड़ा। पुलिस जांच में जुटेगी असली वजह पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों में जमीन विवाद है। हमले के कारणों और पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जा रही है, जिसके बाद ही असली वजह का खुलासा हो सकेगा।