कोटा ग्रामीण के सीमलिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक बुजुर्ग और युवक का मर्डर हो गया। पहली घटना शाम करीब 6 बजे मंडोला गांव में हुई, जहां खेत की बाड़ को लेकर शुरू हुआ विवाद जानलेवा बन गया। मंडोला गांव के रिटायर्ड शिक्षक बद्रीलाल मीणा (65) अपने खेत पर मौजूद थे। चार साल पहले सेवानिवृत्त होने के बाद वे खेती-किसानी कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी खेत मालिक और ज्वेलरी कारोबारी अंकुर उर्फ सारंगी से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि अंकुर ने बद्रीलाल पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बद्रीलाल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात की सूचना मिलते ही सीमलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को आधे घंटे के भीतर डिटेन कर लिया। दो भाइयों के बीच खूनी संघर्ष वहीं, दूसरी घटना शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे मोतिकुआ गांव में सामने आई। यहां शराब के नशे में दो भाइयों के बीच शुरू हुई बहस खूनी संघर्ष में बदल गई। हेमराज लश्करी और उसके भाई राजू लश्करी (45) साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई और गुस्से में आए हेमराज ने लकड़ी से राजू पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर हालत में राजू को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। कोटा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने दोनों मामलों में विशेष टीमों का गठन किया। इस मामले में भी सीमलिया थाना पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी हेमराज को घटना के करीब आधे घंटे के भीतर हिरासत में ले लिया। आज हो सकता है दोनों मर्डर का खुलासा एसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों को डिटेन कर लिया गया है और सीमलिया थाना पुलिस अग्रिम अनुसंधान में जुटी हुई है। एसपी सुजीत शंकर आज दोनों हत्याकांडों का खुलासा कर सकते हैं।