डूंगरपुर जिले के धंबोला थाना क्षेत्र के सीमलवाड़ा कस्बे में एक महिला ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम करवाया। मृतका के पीहर पक्ष ने मौत पर संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। जानकारी के अनुसा, सीमलवाड़ा निवासी निकिता (35) पत्नी मुकेश लोहार ने अपने घर के कमरे में पंखे से रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या की। घटना के समय घर के दरवाजे और खिड़कियां अंदर से बंद थीं। गेट तोड़ा तो फंदे पर लटकी मिली काफी देर तक निकिता के बाहर नहीं आने पर परिजनों को शक हुआ। मृतका के जेठ पंकज कुमार सहित अन्य लोगों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां निकिता फंदे पर लटकी मिली। परिजन तत्काल उसे नीचे उतारकर सीमलवाड़ा के एक निजी अस्पताल ले गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद निकिता को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर धंबोला थाना पुलिस के एएसआई धर्मेंद्र सिंह मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सीमलवाड़ा मॉर्च्युरी में रखवाया। 2 बच्चों के सिर से उठा मां का साया शनिवार दोपहर बाद मृतका के पीहर पक्ष से परिजन और रिश्तेदार बांसवाड़ा से सीमलवाड़ा पहुंचे। अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। पीहर पक्ष ने निकिता की मौत पर संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। पुलिस और समाज के वरिष्ठ लोगों की समझाइश के बाद परिजन पोस्टमॉर्टम कराने पर सहमत हुए। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। धंबोला पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला की मौत के बाद उसके 2 बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है।