पिछले 9 दिनों से हॉस्पिटल में भर्ती सब्जी व्यापारी की इलाज के दौरान आज मौत हो गई। मृतक 54 वर्षीय इसराइल खान कोटा से अंता हाट बाजार सब्जी बेचने जा रहे थे। तभी उनका टेंपो अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। मृतक के बड़े भाई इदरीश खान ने बताया कि हादसे के समय वाहन का गेट खुल गया, जिसे इसराइल खान सड़क पर गिर पड़े और उनका सिर डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में उन्हें गंभीर चोट आई। हादसा कोटा-बारां हाईवे पर सीमलिया थाना क्षेत्र में 25 अप्रैल को हुआ। घटना के तुरंत बाद राहगीरों की मदद से एंबुलेंस बुलाकर घायल को कोटा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पिछले 9 दिनों से उनका इलाज चल रहा था। हालत गंभीर बनी रहने के बीच आज सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर सीमलिया थाना पुलिस ने एमबीएस अस्पताल में पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।