बिलाड़ा|पीएम श्री राजकीय बालिका उमावि , बिलाड़ा की कक्षा 12वीं की छात्रा सिमरन ने ‘प्रबल’ के जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रथम स्थान हासिल कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जगह बनाई है। जोधपुर में आयोजित प्रतियोगिता में उसने आशु भाषण एवं समूह परिचर्चा में प्रभावशाली प्रस्तुति देकर यह उपलब्धि हासिल की। प्रतियोगिता में ‘किशोर आयु में आधुनिकता, सोशल मीडिया एवं एआई का प्रभाव : नैतिक मूल्यों का संरक्षण’ विषय पर सिमरन ने विचार रखे। उसने बताया कि तकनीक और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच नैतिक मूल्यों को बनाए रखना और सही-गलत में अंतर करना जरूरी है। आशु भाषण में उसने कहा, “एआई हमें बुद्धिमान बना सकता है, लेकिन सही और गलत का निर्णय हमें खुद ही लेना है।” उसके विचारों और प्रस्तुति को सराहना मिली। सिमरन इससे पहले ब्लॉक स्तर पर भी प्रथम स्थान हासिल कर चुकी है। जिला स्तर पर सफलता के बाद अब वह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाएगी। छात्रा की उपलब्धि पर विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य तुलछाराम सीरवी और स्टाफ सदस्यों ने उसका अभिनंदन किया।