सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ रील बनाकर आम जनता में खौफ पैदा करने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। सिंघाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) की संयुक्त टीम ने कुख्यात बदमाश कपिल उर्फ कपिल पंडित और उसके साथी मनोज कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ तस्वीरें और वीडियो अपलोड कर दहशत फैला रहा था। पुलिस अब बदमाशों के पूरे नेटवर्क और हथियारों के सोर्स की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है। सरपंच पर कर चुका जानलेवा हमला सिंघाना थानाधिकारी सुगन सिंह और डीएसटी प्रभारी हेमराज मीणा की अगुवाई में पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि नवलगढ़ क्षेत्र के बाय गांव के सरपंच पर जानलेवा हमले का मुख्य आरोपी और 20 हजार रुपए का इनामी बदमाश कपिल पंडित अपने गुर्गों के साथ ईश्कपुरा क्षेत्र के बालाजी मंदिर के पास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में छिपा है। सूचना पर पहुंची पुलिस और डीएसटी टीम ने जैसे ही घेराबंदी की, दो संदिग्धों ने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने उन्हें पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कपिल पंडित निवासी बाय और मनीष पंडित निवासी इकलेहरा, जिला डीग के रूप में हुई। भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद पुलिस को तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 1 देशी पिस्टल, 2 देशी कट्टे, 2 मैगजीन, 13 जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी कपिल के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं। पूछताछ में सामने आया मनोज का नाम गिरफ्तार मुख्य आरोपियों से जब पुलिस ने गहन पूछताछ शुरू की, तो बाडलवास निवासी मनोज कुमार पुत्र सुनील कुमार की भूमिका सामने आई। मनोज हथियारों के साथ वीडियो और फोटो वायरल कर युवाओं को गुमराह करने और इलाके में अपना खौफ कायम करने की कोशिश करता था। नाम सामने आते ही पुलिस टीम ने जाल बिछाकर मनोज को भी गिरफ्तार कर लिया। ये रहे टीम में शामिल इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने में सिंघाना पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल सुरेश कुमार, कॉन्स्टेबल अमित कुमार, अंकित कुमार, भरतलाल, अभिषेक पाठक और डीएसटी के एएसआई शशिकांत, हेड कॉन्स्टेबल हरीश कुमार, साइबर सेल के हेड कॉन्स्टेबल जितेंद्र थाकन, कॉन्स्टेबल संदीप कुमार व कुलदीप कुमार की विशेष भूमिका रही। थानाधिकारी का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन और अपराध को बढ़ावा देने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।