धौलपुर जिले के कंचनपुर थाना क्षेत्र के सिंगोरई गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सिंगोरई निवासी युवराज पुत्र भगवान दास (22) ने किसी कारणवश जहरीला पदार्थ खा लिया था। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर कंचनपुर थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। प्रारंभिक जांच में युवक द्वारा जहरीला पदार्थ खाने के पीछे के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी होने और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।