सिरोही जिले के आमलारी गांव निवासी अभय राजपुरोहित हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर विप्र फाउंडेशन ने सोमवार को जालोर, सायला सहित जिले के विभिन्न उपखंड मुख्यालयों पर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे। संगठन ने मामले की निष्पक्ष, त्वरित एवं प्रभावी जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाने की मांग उठाई। जालोर में जिला कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गवांडे को सौंपे ज्ञापन में पीड़ित परिवार को कम से कम 50 लाख रुप, की आर्थिक सहायता देने की मांग की गई। ताकि मृतक की पुत्री एवं विधवा पत्नी की भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। वहीं सायला में विप्र फाउंडेशन के जिला उपाध्यक्ष मांगीलाल राजपुरोहित के नेतृत्व में एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश और भय का माहौल है। संगठन ने प्रकरण की सुनवाई फास्ट ट्रैक अथवा विशेष न्यायालय में कराने तथा जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारी की नियुक्ति करने की मांग की। ज्ञापन में आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई, पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता, आश्रितों को सरकारी नौकरी तथा मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की भी निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने की मांग शामिल है। विप्र फाउंडेशन ने राज्य सरकार से शीघ्र प्रभावी निर्णय लेकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और दोषियों को कानून के अनुसार कठोर दंड दिलाने की मांग की। इस दौरान विप्र फाउंडेशन के पदाधिकारी, समाज के वरिष्ठ जन और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में विप्र बंधु और 36 कौम के लोग उपस्थित रहे।