सिरोही शहर में सोमवार दोपहर करीब 2:10 बजे तेज बारिश शुरू हुई। करीब 45 मिनट तक हुई मूसलाधार बारिश ने पूरे शहर को तरबतर कर दिया। सड़कों और गलियों में पानी भर जाने से करीब आधे घंटे तक छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। वहीं, पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत मिली। अरावली से उतरा पानी, बाजार और चौराहे डूबे बारिश शुरू होने के करीब 10 मिनट बाद ही अरावली की पहाड़ियों का पानी सदर बाजार से होकर सर्जावा गेट के बाहर निकल गया। इससे सदर बाजार के साथ सर्जावा गेट के बाहर चौराहे से लेकर जेल चौराहा तक पानी भर गया। जलभराव के कारण दोपहिया और बड़े वाहनों के साथ पैदल राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। नालियां जाम, जल निकासी व्यवस्था की खुली पोल बाजार से बहकर आए प्लास्टिक की थैलियां और अन्य कचरा नालियों में फंस गया, जिससे पानी की निकासी प्रभावित हो गई। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बरसात का पानी सड़कों पर जमा हो गया। कलेक्ट्रेट परिसर, नगर परिषद के सामने मुख्य मार्ग, सारनेश्वरजी लाइब्रेरी के सामने का क्षेत्र और तीन बत्ती चौराहा भी हमेशा की तरह जलभराव की चपेट में रहे। 24 घंटे में यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश रविवार सुबह 8 बजे से सोमवार सुबह 8 बजे तक के 24 घंटों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान पिंडवाड़ा में 70 एमएम, माउंट आबू में 33 एमएम और रेवदर में 16 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई।