सिरोही नगर परिषद के वार्ड संख्या 22 और 23 में रविवार को मुख्यमंत्री विकसित शहर वार्ड अभियान के तहत वार्ड सभा का आयोजन किया गया। आयुक्त जोधाराम विश्नोई के निर्देश पर यह सभा 'विकसित राजस्थान 2047' के अनुरूप शहर के योजनाबद्ध विकास के उद्देश्य से आयोजित की गई। इसमें वार्डवासियों से भविष्य की आधारभूत सुविधाओं और विकास कार्यों के लिए प्रस्ताव मांगे गए। पूर्व पार्षद तेजाराम, भरत धवल और वसीम सहित अन्य वार्डवासियों ने विभिन्न विकास कार्यों के प्रस्ताव दिए। इनमें सड़क निर्माण, नाली निर्माण, सामुदायिक भवन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पार्क, बच्चों के लिए वाचनालय और गार्डन के निर्माण शामिल थे। सुरक्षित व साफ सड़कें, व्यवस्थित नालियां, भूमिगत बिजली आपूर्ति, सौंदर्यीकरण और अतिक्रमण मुक्त वार्ड बनाने जैसे कार्यों पर भी चर्चा हुई। वार्ड का मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा जिला परियोजना प्रबंधक हनुमान सहाय शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप इन वार्ड सभाओं का आयोजन किया जा रहा है। भविष्य में वार्डवासियों की आकांक्षाओं के आधार पर वार्ड का मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। सभाओं में प्राप्त सुझावों का संकलन कर एक रिपोर्ट तैयार की जा रही है। इस वार्ड सभा में नगर परिषद के स्वच्छता निरीक्षक महिपाल सिंह, जिला परियोजना प्रबंधक ओम सिंह, हरीश गोस्वामी, राजेश, पूर्व पार्षद तेजाराम वाघेला, भरत धवल, वसीम और अन्य वार्डवासी उपस्थित रहे।