सिरोही जिले में राष्ट्रीय राजमार्गों पर अंडरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर सांसद लुम्बाराम चौधरी ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। सांसद ने मंत्री गडकरी को क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया और तीन प्रमुख स्थानों पर अंडरब्रिज बनाने का आग्रह किया। मुलाकात के दौरान सांसद चौधरी ने बताया कि सिरोही जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-62 और राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-27 पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। भारी वाहनों, स्थानीय यातायात और पैदल यात्रियों की आवाजाही के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने विशेष रूप से स्कूलों, बाज़ारों और आवासीय क्षेत्रों के समीप इस समस्या के गंभीर होने का उल्लेख किया। यातायात सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इन स्थानों पर अंडरब्रिज का निर्माण आवश्यक है। सांसद चौधरी ने मंत्री गडकरी से राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-62 पर साणेश्वर महादेव मंदिर रोड और डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय के पास अंडरब्रिज बनाने का निवेदन किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-27 पर आबूरोड के पास हनुमान टेकरी पर भी अंडरब्रिज निर्माण की मांग रखी।