सिरोही जिले में पिंडवाड़ा तहसील के गांव झाड़ोली के स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल की छात्रा एंजेल कंवर का अंतरराष्ट्रीय स्पेस मिशन में चयन हुआ है। जालोर-सिरोही सांसद लुंबाराम चौधरी ने इसके लिए एंजेल को बधाई दी है। एंजेल का चयन स्पेस किड्स चेन्नई के अंतरराष्ट्रीय मिशन शक्तिसैट के लिए हुआ है। सांसद चौधरी ने स्कूल जाकर एंजेल और उनके परिवार को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सांसद चौधरी ने कहा कि यह सिरोही जिले के छोटे से गांव के लिए गर्व की बात है कि यहां की बेटी का इसरो समर्थित मिशन में चयन हुआ है। उन्होंने इस उपलब्धि को बड़ी कामयाबी बताया, जो आने वाली पीढ़ी, खासकर बेटियों के लिए अंतरिक्ष विज्ञान में करियर बनाने की राह खोलेगी। 108 देशों के छात्र मिलकर करेंगे चंद्र उपग्रह का निर्माण पिंडवाड़ा निवासी 15 वर्षीय छात्रा एंजेल कंवर को ISRO-समर्थित शक्तिसैट मून मिशन के लिए चुना गया है। यह एक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष शिक्षा कार्यक्रम है, जिसमें 108 देशों के छात्र मिलकर एक चंद्र उपग्रह का निर्माण करेंगे। एंजेल राजस्थान से भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस कार्यक्रम के तहत प्रतिभागियों को अक्टूबर 2026 में नियोजित प्रक्षेपण से पहले अंतरिक्ष यान डिजाइन, उपग्रह इंजीनियरिंग और चंद्र मिशन विकास में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त होगा। एंजेल ने अपने मेंटोर शिक्षक चेतन कुमार प्रजापत के साथ मिलकर AIM नीति आयोग और इसरो के सहयोग से संचालित इस शक्तिसैट मिशन की कठोर चयन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा किया। एंजेल ने अपने उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन, वैज्ञानिक योग्यता और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में गहरी रुचि का प्रदर्शन करते हुए यह स्थान प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने विज्ञान, उपग्रह प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष यान प्रणालियों के मूल सिद्धांतों को कवर करते हुए 21 संरचित मॉड्यूल और 365 पाठ पूरे किए हैं। एंजेल के अनुसार, इस कार्यक्रम ने 108 देशों के छात्रों को उपग्रह विकास में प्रशिक्षित किया है।