जालोर की भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) टीम ने नगर परिषद सिरोही से जुड़े 12 साल पुराने भ्रष्टाचार के मामले में तत्कालीन आयुक्त समेत 10 आरोपियों के खिलाफ स्पेशल कोर्ट में चालान पेश किया है। एसीबी जालोर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मांगीलाल राठौड़ ने बताया- 2014 में नगर परिषद सिरोही के तत्कालीन आयुक्त लालसिंह राणावत पर स्वायत्त शासन विभाग की ओर से जारी निर्देशों और नियमों के खिलाफ विभिन्न पदों पर नियुक्तियां करने का आरोप था। ड्राइवर, JCB ऑपरेटर को नौकरी पर रख दिया आरोप के मुताबिक तत्कालीन आयुक्त ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए वाहन चालक, जेसीबी ऑपरेटर, बागवान, सफाई निरीक्षक सहित अन्य पदों पर नियम खिलाफ नियुक्तियां दीं। इससे राजकोष को अनुचित आर्थिक नुकसान पहुंचा। मामले में एसीबी राजस्थान जयपुर की प्राथमिक जांच के सत्यापन के बाद मामवा दर्ज कर जांच की गई। जांच में आरोप प्रमाणित पाए जाने पर आरोपी लालसिंह राणावत (सेवानिवृत्त) सहित 10 आरोपियों के खिलाफ चालान पेश किया गया। इन आरोपियों के खिलाफ भी चालान पेश एसीबी ने आरोपी दिनेश कुमार, जयन्तीलाल, लादाराम, जवानाराम, प्रवीण कुमार दूलानी, ईश्वरलाल, भलाराम, भंवरसिंह तथा शारदा के खिलाफ भी आरोप पत्र पेश किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ विशेष न्यायाधीश, विशिष्ट न्यायालय भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (पाली) के समक्ष चार्जशीट पेश की गई।