सिरोही जिले की पिंडवाड़ा तहसील स्थित माधव विश्वविद्यालय में चल रहे NCC वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण जोधपुर ग्रुप कमान के प्रमुख कर्नल जितेंद्र सिंह राठौड़ (सेना मेडल) ने किया। उन्होंने सबसे पहले 4 राजस्थान बटालियन NCC सिरोही के नए कार्यालय भवन का अवलोकन किया, जिसके बाद शिविर के विभिन्न परिसरों का दौरा किया। कर्नल राठौड़ ने ATC के शॉर्ट रेंज का निरीक्षण किया और IDSSC टीम की निशानेबाजी दक्षता का मूल्यांकन किया। उन्होंने कैडेटों के सामूहिक अभ्यास और अन्य प्रशिक्षण गतिविधियों का भी अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षकों से प्रशिक्षण कार्यक्रमों की कार्यप्रणाली पर विस्तृत चर्चा की। कैडेटों को किया प्रेरित अधिकारियों और कैडेटों को संबोधित करते हुए कर्नल राठौड़ ने उनके अनुशासन, मनोबल और जोश की सराहना की। उन्होंने कैडेटों का हौसला बढ़ाया और उन्हें प्रेरित किया। शिविर के प्रभारी अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल नर्पत सिंह ने बताया कि इस निरीक्षण से कैडेटों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे आगामी प्रतियोगिताओं और प्रशिक्षण गतिविधियों में कैडेट बेहतर प्रदर्शन करेंगे। कर्नल राठौड़ ने कहा कि विश्वविद्यालय में आयोजित यह शिविर कैडेटों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने प्रशिक्षकों और समन्वय टीम के प्रयासों की सराहना की। साथ ही, उन्होंने कैडेटों से निरंतर प्रयत्नशील रहने और अनुशासन बनाए रखने का आग्रह किया।