सिरोही नगर में शनिवार को नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक संयम लोढ़ा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। कांग्रेस ने दिल्ली पुलिस पर छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार का आरोप लगाया। संयम लोढ़ा ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर नगर कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित पुतला दहन कार्यक्रम में पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने कहा कि नीट पेपर लीक और छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार ने देश की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना से देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी भारत की छवि प्रभावित हुई है। तख्तियों और नारों के साथ जताया विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर शामिल हुए। तख्तियों पर 'पेपर लीक बंद करो', 'मेहनत का सम्मान करो', 'छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो', 'पेपर माफियाओं पर सख्त कार्रवाई करो', 'ईमानदार छात्रों को न्याय दो' और 'भ्रष्टाचार मुक्त परीक्षा व्यवस्था लागू करो' जैसे संदेश लिखे थे। कार्यकर्ताओं ने सरजावाव दरवाजे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। कई कांग्रेस पदाधिकारी रहे मौजूद प्रदर्शन में प्रदेश महासचिव हेमलता शर्मा, जिलाध्यक्ष रेणु व्यास, नगर अध्यक्ष पुनीत कुमार जैन, जिला उपाध्यक्ष मोहनलाल सीरवी, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश मीणा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता हनुवंत सिंह वेरा, कुशल देवड़ा, शिवगंज ब्लॉक अध्यक्ष प्रवीण रावल, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष चंपालाल त्रिगर, हरीश राठौड़, पूर्व संगठन महामंत्री जोगाराम मेघवाल, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष तेजाराम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। दिल्ली आंदोलन पर भाजपा का कांग्रेस पर हमला, छात्रों के मुद्दों के राजनीतिक इस्तेमाल का लगाया आरोप भाजपा नगर अध्यक्ष चिराग रावल ने दिल्ली में चल रहे आंदोलन के समर्थन में कांग्रेस द्वारा किए गए प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस छात्रों के मुद्दों का राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल कर रही है। रावल ने कहा कि कांग्रेस तथाकथित 'कॉकरोच जनता पार्टी' के आंदोलन के समर्थन में प्रदर्शन कर रही है। उनका आरोप है कि विपक्ष गंभीर जनहित के मुद्दों पर संवेदनशीलता दिखाने के बजाय केवल अपनी राजनीतिक जमीन तलाशने में लगा है। उन्होंने कहा कि आंदोलन की आड़ में कांग्रेस राष्ट्रीय राजधानी का माहौल खराब करने और व्यवस्था को बाधित करने का प्रयास कर रही है। इस दौरान रावल ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के शिक्षा मंत्री रहते हुए हुए रीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उस समय डोटासरा के इस्तीफे की मांग उठी थी, लेकिन उन्होंने यह कहकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया था कि परीक्षाएं संबंधित अधिकारी कराते हैं। रावल ने आरोप लगाया कि आज कांग्रेस छात्रों के मुद्दों पर राजनीति कर रही है, जबकि अपने शासनकाल में हुई घटनाओं की जिम्मेदारी लेने से बचती रही। उन्होंने इसे कांग्रेस की दोहरी मानसिकता करार दिया।