राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण में सिरोही जिले की 110 ग्राम पंचायतों में चुनाव होंगे। इनमें सिरोही, पिंडवाड़ा, रेवदर और भांवरी पंचायत समितियां शामिल हैं। इन इलाकों में 30 अक्टूबर को मतदान होगा, जिसके लिए 29 अक्टूबर को नामांकन भरे जाएंगे। दैनिक भास्कर टीम ने इन गांवों में सरपंच पद के दावेदारों का पता लगाया है। कई गांवों में दावेदारों की लंबी लिस्ट है, तो कुछ जगहों पर एक नाम पर सहमति बन रही है। हालांकि, अंतिम फैसला नामांकन के दिन होगा। पंच और सरपंच के लिए वोटिंग बैलेट पेपर से होगी। मतदान खत्म होने के बाद उसी दिन वोटों की गिनती होगी और नतीजे भी आ जाएंगे। दूसरे चरण में सिरोही पंचायत समिति की 21, पिंडवाड़ा की 30 और रेवदर व भांवरी की 28-28 ग्राम पंचायतों में चुनाव होंगे। इसके लिए जिला प्रशासन ने 351 मतदान बूथ तय किए हैं। इनमें सिरोही में 71, पिंडवाड़ा में 87, रेवदर में 108 और भांवरी में 85 मतदान बूथ हैं।