सिरोही जिले की चार पंचायत समितियों की 110 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 1,116 वार्ड पंचों के चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान होगा। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा। इसके लिए पोलिंग पार्टियां गुरुवार शाम तक मतदान सामग्री लेकर रवाना हो गईं। वहीं, भांवरी पंचायत की नितोड़ा ग्राम पंचायत में 13 वार्डों में से 7 वार्ड पंच निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। ग्रामीणों ने निर्विरोध चुने गए वार्ड पंचों का माला पहनाकर स्वागत किया। नितोड़ा में सरपंच पद के लिए 14 नामांकन मिले हैं। प्रशिक्षण के बाद रवाना हुईं पोलिंग पार्टियां मतदान से पहले पोलिंग पार्टियों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद उन्हें मतदान पेटियां, कागजात और अन्य जरूरी दस्तावेज सौंपकर अलग-अलग वाहनों से रवाना किया गया। सबसे पहले भांवरी और रेवदर पंचायत समितियों के लिए पोलिंग पार्टियां भेजी गईं। इसके बाद पिंडवाड़ा और अंत में सिरोही क्षेत्र के गांवों के लिए पार्टियां रवाना हुईं। चार पंचायत समितियों में 3.54 लाख से अधिक मतदाता जिले की आठ पंचायत समितियों में से दूसरे चरण में रेवदर, भांवरी, पिंडवाड़ा और सिरोही में मतदान होगा। चारों पंचायत समितियों में कुल 3,54,672 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। नितोड़ा में 7 वार्ड पंच निर्विरोध चुने गए भांवरी पंचायत की नितोड़ा ग्राम पंचायत में 13 वार्ड हैं। इनमें से 7 वार्डों में पंच निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। निर्विरोध चुने गए वार्ड पंचों में वार्ड 1 से मुकेश गरासिया, वार्ड 2 से दारमी देवी, वार्ड 3 से तेजाराम भील, वार्ड 4 से लीला देवी, वार्ड 5 से राधा देवी, वार्ड 8 से राजेंद्र कुमार और वार्ड 9 से भूबा राम मेघवाल शामिल हैं। ग्रामीणों ने माला पहनाकर किया स्वागत सात वार्ड पंचों के निर्विरोध निर्वाचित होने पर गांव में खुशी का माहौल रहा। ग्रामीणों ने माला पहनाकर सभी का स्वागत किया। स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए और उत्साह जताया। चुनावी गतिविधियों के बीच सात वार्ड पंचों का निर्विरोध चुना जाना गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब ग्रामीणों की नजरें सरपंच पद के चुनाव पर टिकी हैं। नितोड़ा में सरपंच पद के लिए 14 नामांकन प्राप्त हुए हैं। मतदान के लिए प्रशासन ने की व्यवस्थाएं जिला प्रशासन की ओर से सभी संबंधित ग्राम पंचायतों में मतदान की तैयारियां की गई हैं। मतदाता शुक्रवार सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। प्रशासन का फोकस मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने पर है।