बारां के केलवाड़ा के पास सीताबाड़ी में देवनारायण जन्म महोत्सव के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। यहां ध्वज में लगी लाइट के तार से करंट लगने से एक युवक की जान चली गई, जबकि दो महिलाएं घायल हो गईं। हादसे में रामसिंह गुर्जर की मौके पर ही करंट लगने से मौत हो गई। वहीं, मुन्नी बाई और रेनू बाई गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के तुरंत बाद तीनों को केलवाड़ा के उप जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद रामसिंह गुर्जर को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायल महिलाओं का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर किशनगंज विधायक डॉ. ललित मीणा और केलवाड़ा थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह राजावत अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। हादसे के बाद मेले में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है।