जयपुर में 19 साल के बच्चे की एक आंख दुर्लभ बीमारी से खराब हो गई थी। दुर्लभ बीमारी स्फेनॉइड म्यूकोसील के कारण बच्चे की राइट आई (सीधी आंख) का 90 फीसदी विजन चला गया था। इस पर सवाई मानसिंह हॉस्पिटल में आंख का ऑपरेशन करने के 24 घंटे बाद विजन काफी हद तक लौट आया। SMS हॉस्पिटल के सीनियर प्रोफेसर और ईएनटी डिपार्टमेंट एचओडी डॉ. रेखा हर्षवर्धन के मार्गदर्शन में डॉ. विकास रोहिला और उनकी टीम ने यह ऑपरेशन शनिवार को किया। डॉ. विकास रोहिला ने बताया- जयपुर का रहने वाला हिमांशु (19) करीब 2-3 महीने से आंखों के खराब विजन और सिर में हल्के दर्द से परेशान था। उसने जयपुर में कई आंखों के हॉस्पिटल में डॉक्टरों को दिखाया, लेकिन फायदा नहीं हुआ। इसके बाद न्यूरोलॉजी के डॉक्टर्स को भी दिखाया गया और ट्रीटमेंट लिया, लेकिन आंखों का विजन लगातार जाने लगा। 90 फीसदी चला गया आंख का विजन, एक फीट दूरी का नहीं दिखता था डॉ. विकास रोहिला ने बताया- छात्र की आंखों का विजन 90 फीसदी तक चला गया था। एक स्वस्थ्य व्यक्ति के आंखों का विजन 6/6 होता है, जबकि मरीज हिमांशु की आंखों की रोशनी घटकर मात्र 1/60 तक पहुंच गई थी। इस कारण वह रंग (कलर) भी पहचान नहीं पा रहा था। वहीं एक फीट दूरी पर क्या रखा है, उसे ये भी साफ से नहीं दिख रहा था। CT-MRI जांच में ट्रेस हुई बीमारी डॉ. विकास रोहिला ने बताया- आंखों और न्यूरोलॉजी के डॉक्टरों को दिखाने के बाद उसे ईएनटी में जाने की भी सलाह दी। 24 अप्रैल को मरीज ओपीडी में आया, जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए भर्ती करके उसकी CT और MRI जांच करवाई। जांच में मरीज के ''स्फेनॉइड म्यूकोसील'' जैसी दुर्लभ बीमारी का पता चला, जो ऑप्टिक नर्व पर दबाव डालकर आंख के विजन को नुकसान पहुंचा रही थी। हमने तत्काल सर्जरी का निर्णय किया। ऑपरेशन के 24 घंटे में लौटा आंखों का विजन डॉ. विकास रोहिला ने बताया- मरीज की सर्जरी एंडोस्कोपी के जरिए 25 अप्रैल को की गई और ''स्फेनॉइड म्यूकोसील'' को निकाला गया। इस ऑपरेशन में करीब 1 घंटे का समय लगा। ऑपरेशन में डॉ. शैली (सीनियर रेजिडेंट), डॉ. सतेन्द्र और डॉ. नीलांशी का सहयोग रहा। ऑपरेशन के करीब 24 घंटे बाद मरीज की आंखों के विजन में बड़ा सुधार आया। विजन 1/60 से बढ़कर 6/18 तक पहुंच गया। साथ ही वह कलर भी पहचान करने लगा।