प्रदेश में आपराधिक घटनाओं और पुलिसकर्मियों की लापरवाही व जनता से बदसलूकी पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सख्ती दिखाई है। लॉ एंड ऑर्डर की बैठक के बाद 3 एएसपी, 4 डिप्टी एसपी और 2 एसएचओ पर गाज गिरी। भरतपुर के वैर में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड मामले में एसएचओ धीरेंद्र सिंह को सस्पेंड कर दिया। वहीं, सीओ भुसावर नीरज भारद्वाज व वैर एएसपी प्ररेणा शेखावत को एपीओ कर दिया। वहीं, नरैना थाने में संघ प्रचारक से मारपीट मामले में सांभर सीओ मुकेश जोशी को एपीओ कर दिया। इसमें एसएचओ सहित 6 पुलिसकर्मी पहले ही निलंबित हैं। नरैना मामले के चलते जयपुर ग्रामीण में महिला अनुसंधान सैल के एडिशनल एसपी बृजमोहन मीणा को भी हटाकर सीआईडी-सीबी भेज दिया। बैठक में मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि अपराध के मामलों में ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। मुख्यमंत्री ने बैठक में ही फाइल दिखाते हुए कहा कि कोई गलत फहमी में ना रहे, हमारे पास सब अफसरों की रिपोर्ट है। जयपुर में ट्रैफिक सुधारने को कहा : मुख्यमंत्री ने बैठक से जयपुर कमिश्नर को पुलिस कार्मियों को चुस्त-दुरस्त रखने को ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने को कहा। त्यौहारी सीजन में जाम की स्थिति से लेकर विशेष कार्य करने के भी निर्देश दिए है। महिला सुरक्षा पर भी फोकस महिलाओं की सुरक्षा के लिए कालिका पेट्रोलिंग यूनिट्स को ढंग से चलाने और स्कूल-कॉलेजों में उनकी सक्रिय भागीदारी करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, एसीएस (सीएम) अखिल अरोड़ा, एसीएस (गृह) भास्कर ए. सावंत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। माफिया और जमीन-खनन विवाद की जिलेवार सूची बनेगी मुख्यमंत्री ने खनन और जमीन से जुड़े विवादों की जिलेवार सूची तैयार करने को कहा है। इन मामलों के निस्तारण के लिए कार्ययोजना बनाकर कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपराधिक घटनाओं और पुलिसकर्मियों के आचरण से जुड़े मामलों की गहन समीक्षा की जाए। अधिवक्ता को थप्पड़ मारने वाली किशनगढ़ सीओ ट्रैफिक अंजू एपीओ आज कैबिनेट बैठक: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार शाम 4 बजे कैबिनेट की अहम बैठक होगी। इसके बाद मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित की जाएगी।