राजस्थान की 2021 पटवारी भर्ती परीक्षा में अपनी जगह डमी अभ्यर्थी से परीक्षा दिलाकर सरकारी नौकरी हासिल करने वाले पटवारी को एसओजी ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने बिचौलिए के जरिए 5 लाख रुपए में सौदा कर दूसरे युवक को परीक्षा में बैठाया था। मामले में करीब नौ महीने पहले उसे सस्पेंड कर दिया गया था। अब नौकरी मिलने के करीब पांच साल बाद एसओजी ने पकड़ा है। इस फर्जीवाड़े में शामिल बिचौलिए की भी करीब एक साल पहले दूसरी भर्ती परीक्षा देने जाते समय ट्रेन हादसे में मौत हो चुकी है। पढ़िए … सिलसिलेवार पूरा घटनाक्रम • 2021 में डमी अभ्यर्थी से दिलवाई परीक्षा: एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने बताया - जालोर जिले के सांचौर क्षेत्र के भादरूणा निवासी दिनेश कुमार विश्नोई ने 23 अक्टूबर 2021 को उदयपुर के एक परीक्षा केंद्र पर अपनी जगह डमी अभ्यर्थी को परीक्षा में बैठाया। एडमिट कार्ड पर डमी अभ्यर्थी का फोटो लगाकर और फर्जी हस्ताक्षर कर परीक्षा दिलाई गई। • परीक्षा पास कर बना पटवारी: डमी अभ्यर्थी से परीक्षा दिलवाने के बाद दिनेश कुमार विश्नोई का पटवारी पद पर चयन हो गया। इसके बाद उसकी नियुक्ति सिरोही जिले की रेवदर तहसील के मगरीवाड़ा पटवार हल्के में कर दी गई, जहां वह पटवारी के रूप में कार्यरत था। • गोपनीय शिकायत पर खुला मामला: एसओजी को वर्ष 2024 में गोपनीय शिकायत मिली। इसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में आरोप सही पाए गए तो इसी मामले में करीब नौ महीने पहले आरोपी को सस्पेंड कर उसका मुख्यालय पिंडवाड़ा एसडीएम कार्यालय कर दिया गया। • पांच साल बाद एसओजी ने किया गिरफ्तार: जांच पूरी होने के बाद एसओजी ने वर्ष 2021 की परीक्षा के करीब पांच साल बाद आरोपी पटवारी दिनेश कुमार विश्नोई को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने खुद की जगह दूसरे युवक से परीक्षा दिलाकर सरकारी नौकरी हासिल की थी। • 5 लाख में हुई थी डील, बिचौलिए की हो चुकी है मौत: जांच में सामने आया कि आरोपी ने अरणाय लियादरा निवासी बिचौलिए चौथाराम विश्नोई के जरिए करड़ा के मीरपुरा निवासी विक्रम पुत्र हेमाराम विश्नोई से संपर्क किया था। डमी अभ्यर्थी से परीक्षा दिलाने के लिए 5 लाख रुपए में सौदा तय हुआ था। एसओजी के अनुसार इस पूरे फर्जीवाड़े में अहम भूमिका निभाने वाले बिचौलिए चौथाराम विश्नोई की करीब एक साल पहले दूसरी भर्ती परीक्षा देने जाते समय ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी। --- भर्ती में फर्जीवाड़े की ये खबर भी पढ़ें … NEET में डमी बनकर बैठने वाला था MBBS स्टूडेंट:जयपुर में 3 मेडिकल छात्र सहित 5 गिरफ्तार; AI की मदद से फोटो एडिट करते थे जयपुर पुलिस ने NEET में डमी कैंडिडेट बैठाने वाली गैंग के 5 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि डमी बैठने वाला MBBS फर्स्ट ईयर का स्टूडेंट शामिल है। पूरी खबर पढ़िए