भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा शहर का व्यस्ततम पुर रोड, खासकर बापूनगर से गंगापुर चौराहे तक का हिस्सा, पिछले एक साल में कम से कम 6 बार अलग-अलग विभागों की ओर से खोदा जा चुका है। कभी सीवरेज लाइन मरम्मत, कभी पाइपलाइन लीकेज, कभी गैस लाइन विस्तार तो कभी फाइबर केबल बिछाने के नाम पर सड़क बार-बार तोड़ी गई, जिससे आमजन त्रस्त हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क बनते ही दूसरा विभाग खुदाई शुरू कर देता है। विभागों के बीच तालमेल नहीं होने से जनता को जाम, धूल, हादसे के खतरे और रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार मई-जून 2025 में नगर निगम और सीवरेज एजेंसी ने लाइन मरम्मत व चैम्बर कार्य के लिए सड़क खोदी। अगस्त में जलदाय विभाग ने पाइपलाइन लीकेज सुधार के लिए कटिंग की। अक्टूबर में गैस पाइपलाइन एजेंसी ने पीएनजी लाइन विस्तार के लिए खुदाई की। दिसंबर में दूरसंचार कंपनी ने फाइबर लाइन डालने के लिए सड़क तोड़ी। फरवरी 2026 में नगर निगम ने फिर सीवरेज सुधार के नाम पर खुदाई कराई। अब अप्रैल 2026 में सड़क के बीच बैरिकेड लगाकर फिर कार्य शुरू कर दिया गया है। यह मार्ग शहर का प्रमुख यातायात मार्ग है, जहां दिनभर बसें, कारें, ऑटो और दोपहिया वाहन गुजरते हैं। सड़क का एक हिस्सा बंद होते ही पूरा दबाव दूसरी लेन पर आ जाता है, जिससे रोज जाम लग रहा है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सभी विभागों में समन्वय बनाकर एकमुश्त कार्य कराया जाए, ताकि नई सड़क बार-बार न टूटे। पुर रोड पर चल रहा सीवरेज कार्य।