कोटा-बूंदी क्षेत्र में विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपनी ही पार्टी के एक पूर्व केंद्रीय मंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि सांसद रहते हुए उन्हें खेल सुविधाओं के लिए वर्षों तक चक्कर लगाने पड़े। एस्ट्रो टर्फ के लिए मंत्री ने चक्कर कटवाए बिरला ने कहा कि पूर्व खेल मंत्री ने एस्ट्रो टर्फ और स्टेडियम मंजूर करने में लगातार टालमटोल की, लेकिन अब समय बदल गया है। रामगंजमंडी में आयोजित कार्यक्रम में बिरला ने कहा, “मैं सांसद था, मेरे एक मित्र खेलकूद मंत्री थे। मैं रोज दिल्ली में उनके पीछे पड़ता था कि मेरे क्षेत्र में 4.5 करोड़ रुपए का इंडोर स्टेडियम दे दो, 5 साल थैला लेकर मंत्री के पीछे घूमता रहा, लेकिन वे रोज चक्कर कटवाते रहे। उन्होंने कहा कि जब स्टेडियम नहीं मिला तो उन्होंने साढ़े 6 करोड़ रुपए के एस्ट्रो टर्फ की मांग की, लेकिन उसमें भी पांच साल तक सिर्फ आश्वासन ही मिलता रहा। बिरला ने मंच से कहा, मंत्रीजी कहते थे आज दूंगा, कल दूंगा, परसों दूंगा... लेकिन पांच साल निकल गए। मंत्रीजी का समय चला गया, अब मेरा समय आ गया। उनके इस बयान पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं। उन्होंने कहा कि अब कोटा-बूंदी क्षेत्र में खेल सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। 4.5 करोड़ रुपए के एक नहीं, बल्कि सात कार्य शुरू हो चुके हैं। इनमें से चार पूरे हो चुके हैं और तीन परियोजनाएं पाइपलाइन में हैं। बिरला ने यह भी कहा कि एक बार उनसे कहा गया कि 30 किलोमीटर की दूरी पर सुविधा नहीं बन सकती, नियम इसकी अनुमति नहीं देते। इस पर उन्होंने जवाब दिया, नियम-कानून तो हम बनाते हैं, हमसे कौन नियम पूछ रहा है। सोनोवाल,गोयल और राठौड़ में से एक पर निशाना लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का इशारा मोदी सरकार के पहले कार्यकाल 2014 से 2019 के दौरान रहे खेल मंत्रियों में से किसी एक की ओर माना जा रहा है। उस समय सर्बानंद सोनोवाल, विजय गोयल और कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ खेल मंत्री रहे थे। कुछ समय के लिए डॉ. जितेंद्र सिंह के पास भी प्रभार था। --- ये खबर भी पढ़ें MP के सीएम कोटा के सामूहिक विवाह में पहुंचे:बोले- आने का कार्यक्रम तय नहीं था, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के कहने पर आया मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को कोटा पहुंचे। वे एयरपोर्ट से ही हेलिकॉप्टर के जरिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ रामगंजमंडी क्षेत्र के रीछी गांव में आयोजित अहीर समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन में पहुंचे। इस दौरान ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर भी उनके साथ रहे। (पूरी खबर पढ़ें)