पूर्व भारतीय कप्तान असुंता लकड़ा के प्रताड़ना और धमकी के आरोपों के बाद खेल मंत्रालय एक्शन में है। मंत्रालय ने हॉकी इंडिया को मामले की तुरंत जांच करने और रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। असुंता ने महासचिव भोला नाथ सिंह पर दोषियों को बचाने और आवाज उठाने पर डराने-धमकाने का आरोप लगाया है। दरअसल रांची के एक एकेडमी के कोच सुधीर गोला पर लगे यौन उत्पीड़न आरोप के बाद असुंता को निशाना बनाया जा रहा है। असुंता के साथ झारखंड की 31 महिला खिलाड़ियों ने भी लिखित शिकायत दर्ज कराई है। मामला हॉकी इंडिया की आंतरिक शिकायत समिति (ICC) को सौंपा गया है। स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… ब्रायडन कार्स इंग्लैंड वनडे टीम में शामिल बॉलिंग ऑलराउंडर ब्रायडन कार्स की इंग्लैंड की वनडे टीम में वापसी हुई है। उन्हें भारत के खिलाफ चल रही 3 वनडे मैचों की सीरीज के आखिरी 2 मुकाबलों के लिए स्क्वाड में शामिल किया गया है। वह IPL 2026 के दौरान लगी चोट के कारण टीम से बाहर थे। कार्स ने हाल ही में डरहम के लिए विटैलिटी ब्लास्ट मैच खेलकर अपनी फिटनेस साबित की है। सीरीज के आखिरी दो मुकाबले 16 जुलाई को कार्डिफ और 19 जुलाई को लॉर्ड्स में खेले जाएंगे। मानव-मानुष वर्ल्ड नंबर-2 बने, भारत के लिए सर्वोच्च रैंकिंग हासिल की भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ियों मानव ठक्कर और मानुष शाह की जोड़ी ITTF की ताजा पुरुष डबल्स रैंकिंग में वर्ल्ड नंबर-2 पर पहुंच गई है। सीनियर वर्ल्ड रैंकिंग में किसी भी भारतीय खिलाड़ी या जोड़ी की यह अब तक की सर्वोच्च रैंकिंग है। इस जोड़ी ने पिछले सप्ताह की नंबर-3 रैंकिंग में एक स्थान का सुधार किया और 2022 में महिला डबल्स में वर्ल्ड नंबर-4 तक पहुंचीं मणिका बत्रा-अर्चना कामथ का भारतीय रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। मानव-मानुष के 3,390 अंक हैं, जबकि चीन की लिन शीडोंग-हुआंग यूझेंग की जोड़ी 5,160 अंकों के साथ नंबर-1 पर है। फ्रांस की लेब्रून ब्रदर्स (एलेक्सिस और फेलिक्स) नंबर-2 से खिसककर पांचवें स्थान पर पहुंच गई। शरत कमल की मेंटरशिप में मानव-मानुष ने पिछले एक साल में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 2026 WTT कंटेंडर लागोस का खिताब जीता, सिंगापुर स्मैश 2026 के सेमीफाइनल में पहुंचे और 2025 WTT स्टार कंटेंडर फॉज डो इग्वाकु में रनर-अप रहे। आईची-नागोया एशियन गेम्स 2026 से पहले भारतीय टीम के लिए यह बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। हांगझोऊ एशियन गेम्स 2023 में यह जोड़ी क्वार्टर फाइनल तक पहुंची थी और इस बार पदक की प्रबल दावेदार होगी। सिंधु जापान ओपन के दूसरे दौर में पहुंचीं, वोंग को सीधे गेम में हराया दो बार की ओलिंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु ने जापान ओपन सुपर-750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में जीत के साथ शुरुआत की। उन्होंने पहले दौर में मलेशिया की वोंग लिंग चिंग को 21-14, 21-11 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई। सिंधु ने शुरुआत से ही मैच पर नियंत्रण रखा। पहले गेम में 11-6 की बढ़त के बाद 21-14 से जीत दर्ज की। दूसरे गेम में भी उन्होंने 11-3 की बढ़त बनाई और 21-11 से मुकाबला अपने नाम किया। मिक्स्ड डबल्स में ध्रुव कपिला-तनीषा क्रास्टो की जोड़ी ने स्कॉटलैंड के अलेक्जेंडर डन और जूली मैकफर्सन को 21-16, 21-14 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। वहीं, रोहन कपूर-रुथविका शिवानी गाड्डे की जोड़ी चीन की टॉप सीड फेंग यान झे-हुआंग डोंग पिंग से 11-21, 10-21 से हारकर बाहर हो गई। मंगलवार को ही मेंस डबल्स में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी-चिराग शेट्टी और हरिहरन अम्सकरुणन-एमआर अर्जुन की जोड़ियां भी अपने अभियान की शुरुआत करेंगी। शाहीन LPL में केंडी रॉयल्स से डेब्यू करेंगे पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी पहली बार लंका प्रीमियर लीग (LPL) खेलेंगे। PCB ने उन्हें केंडी रॉयल्स के लिए एनओसी दे दिया है। हाल ही में वह वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए टीम में नहीं चुने गए थे। खराब टेस्ट फॉर्म के बाद शाहीन का फोकस अब वनडे और टी-20 पर है। उन्होंने टी-20 इंटरनेशनल में पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा 136 विकेट लिए हैं। LPL 17 जुलाई से शुरू होगी। केंडी रॉयल्स अपना पहला मुकाबला 18 जुलाई को दांबुला सिक्सर्स के खिलाफ खेलेगी। पहली बार आईसीसी टूर्नामेंट्स में खेल सकेगी अफगान महिला रिफ्यूजी टीम ICC ने पहली बार अफगान महिला रिफ्यूजी क्रिकेट टीम के लिए ICC टूर्नामेंट्स में पहुंचने का रास्ता तय किया है। इसके तहत टीम 2030 तक ICC इवेंट्स में जगह बनाने की दौड़ में शामिल हो सकती है। हालांकि, ACB (अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड)की मान्यता नहीं होने के कारण टीम अफगानिस्तान के नाम से नहीं खेलेगी। BCCI समेत तीन बोर्ड करेंगे मदद ICC की स्पेशल टास्कफोर्स में BCCI, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और ECB शामिल हैं। यह खिलाड़ियों के लिए ट्रेनिंग और मैचों की योजना तैयार करेगी। 2021 में तालिबान के सत्ता में आने के बाद महिला क्रिकेट पर रोक लग गई थी। इसके बाद अधिकांश खिलाड़ी देश छोड़कर ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और ब्रिटेन चली गईं। जनवरी 2025 में टीम ने मेलबर्न में पहला मैच खेला।