दीपावली के त्योहार के मध्यनजर श्रीगंगानगर में 'शुद्ध आहार-मिलावट पर वार' अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को करणी कृपा मार्ट पर कार्रवाई की। वैशाली चौक स्थित दुकान नंबर 11 पर संचालित मार्ट में जांच के दौरान भारी मात्रा में एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्री मिली। मौके पर खाली थैलियां भी मिलने से सामग्री की दोबारा पैकिंग किए जाने का मामला सामने आया है। यह कार्रवाई सीएमएचओ डॉ.अजय सिंगला के नेतृत्व में की गई। जांच के दौरान दुकान में ऐसी खाद्य सामग्री मिली, जिसकी डेट एक्सपायर हो चुकी थी। मौके पर खाली थैलियां भी मिली हैं। इससे एक्सपायरी डेट सामग्री की दोबारा पैकिंग किए जाने की आशंका सामने आई है। हालांकि, सामग्री को किस उद्देश्य से दोबारा पैक किया जा रहा था और क्या उसे बिक्री के लिए तैयार किया जा रहा था इसकी जांच की रही है। इससे पहले भी यहां कार्रवाई के दौरान एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिली थी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने खाद्य सामग्री को नष्ट कराया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मंजूबाला, उर्मिला भादू, रेणु चौधरी, नित्या शर्मा और सीओआईईसी विनोद बिश्नोई सहित विभाग के अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।