श्रीगंगानगर नगर परिषद में उपसभापति पद के लिए बीजेपी की पुष्पा देवी जीत गईं। उन्होंने कांग्रेस के राम रत्न को हराया। यहां भाजपा ने सभापति के बाद उप सभापति पद पर भी कब्जा किया। भाजपा की पुष्पा देवी 17 वोट से जीतीं। उन्हें 41 वोट मिले, जबकि उनके सामने कांग्रेस प्रत्याशी राम रतन को 24 वोट मिले। इस जीत के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर एक दूसरे का मुंह मीठा कराया। पुष्पा देवी की जीत में भाजपा के दो बागियों की भी भूमिका रही। सुबह 11 बजे तक 4 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था, लेकिन नाम वापसी के दौरान बीजेपी के जगदीश घोड़ेला और अमरजीत गिल ने पुष्पा देवी के समर्थन में नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद पुष्पा देवी को बीजेपी का प्रत्याशी घोषित किया गया। दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक 65 निर्वाचित पार्षदों ने मतदान किया। इसके बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया गया। पहले 4 प्रत्याशियों ने भरा नामांकन, 2 ने नाम वापस लिया बता दें कि उपसभापति पद के लिए वार्ड नंबर 48 से राम रत्न, वार्ड नंबर 39 से पुष्पा देवी, वार्ड नंबर 14 से जगदीश घोड़ेला और वार्ड नंबर 54 से अमरजीत गिल शामिल थे। दोपहर 1 बजकर 50 मिनट पर भाजपा प्रत्याशी जगदीश घोड़ेला और अमरजीत गिल ने पुष्पा देवी के समर्थन में नामांकन वापस ले लिया और अपने फॉर्म उठा लिए। इसके बाद विधायक प्रतिनिधि मधुसूदन बिहाणी ने पुष्पा देवी को भाजपा का उपसभापति पद का प्रत्याशी घोषित किया था।