श्रीगंगानगर के श्रीकरणपुर में आरबीएल फिनसर्व लिमिटेड की ब्रांच में लाखों रुपए के गबन करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बैंक के चार ग्रुप लोन अधिकारियों ने ग्राहकों से वसूली की गई किस्तों की पेमेंट हड़प ली। आरोपियों ने 5 लाख 60 हजार का गबन कर लिया। इस पर ब्रांच मैनेजर ने मंगलवार को मामला दर्ज करवाया है। ब्रांच मैनेजर ने मामला दर्ज कराया ब्रांच मैनेजर सचिन यादव ने गबन करने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस को दी शिकायत में आरोपी प्रवीण कुमार, शिवरतन, परविन्द्र सिंह और सुशील कुमार कंपनी में ग्रुप लोन अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। इनका काम ग्राहकों से लोन की किस्तें लेना और उसी दिन ब्रांच में जमा करवाना था। जांच में पाया गया कि प्रवीण कुमार ने 1 लाख 62 हजार 70 रुपए, शिवरतन ने 1 लाख 43 हजार 640 रुपए, परविन्द्र सिंह ने 1 लाख 5 हजार 879 रुपए और सुशील कुमार ने 2 लाख 65 हजार 962 रुपए की EMI राशि ग्राहकों से वसूल की, लेकिन कंपनी में जमा नहीं की। सुशील कुमार ने बाद में 1 लाख 17 हजार 330 रुपए जमा कर दिए, लेकिन शेष 1 लाख 48 हजार 632 रुपए जमा करने से मना कर दिया। शिकायत करने पर जांच हुई कंपनी को ग्राहकों से कई शिकायतें मिलीं कि उनकी जमा की गई EMI रिकॉर्ड में नहीं दिख रही है। आंतरिक जांच में सभी आरोप सही पाए गए। जब शाखा प्रबंधक आरोपी कर्मचारियों के घर पहुंचे और पैसे जमा करने को कहा तो उन्होंने साफ मना कर दिया और कहा कि हमने तो कंपनी से ठगी की है, जो बनता है वो कर लो। ब्रांच मैनेजर ने कहा- इस घटना से कंपनी को गंभीर आर्थिक नुकसान हुआ है और उसकी प्रतिष्ठा को भी क्षति पहुंची है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जान शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई जमशेद खान कर रहे हैं।