श्रीगंगानगर जिले के श्रीकरणपुर क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, 56 एफ के टीचर रविंद्र कुमार कंबोज का ट्रांसफर रद्द करने की मांग को लेकर छात्रों का धरना 10वें दिन भी जारी है। सोमवार को छात्रों और उनके परिजनों ने भारतमाला हाइवे को एक तरफ से पूरी तरह जाम कर दिया और सड़क पर धरना लगाकर बैठ गए। पढ़ाई छोड़कर सड़क पर उतरे छात्रों का कहना है कि बिना रविंद्र सर के स्कूल का माहौल ही बिगड़ गया है। वे टीचर की वापसी तक आंदोलन जारी रखने के लिए अड़े हुए हैं। विधायक बोले- यह दुर्भाग्यपूर्ण कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं श्रीकरणपुर विधायक रुपिंद्र सिंह कुन्नर ने छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया। कुन्नर ने कहा- यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि छात्र अपनी पढ़ाई छोड़कर टीचर की वापसी की मांग को लेकर सड़क पर आंदोलन करने को मजबूर हैं। अब तक सरकार और शिक्षा विभाग की तरफ से कोई कदम नहीं उठाया गया। कुन्नर ने सरकार से अपील की कि बिना देरी के रविंद्र कुमार कंबोज का ट्रांसफर तुरंत रद्द किया जाए और उन्हें पुनः 56 एफ विद्यालय में बहाल किया जाए। वहीं, छात्रों और पेरेंट्स का आरोप है कि टीचर के जाने से स्कूल की पढ़ाई प्रभावित हुई है। वे लगातार 10 दिनों से सुबह से शाम तक धरना दे रहे हैं, लेकिन अब तक प्रशासन की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं हुई है। धरना स्थल पर जिला प्रमुख दुल्लाराम, पंचायत समिति उपप्रधान अवतार सिंह रंधावा, पूर्व सरपंच द्वारका दास, डॉ. पूर्ण कंबोज और वर्तमान सरपंच प्रतिनिधि सोहनलाल सहित अनेक लोग मौजूद रहे।