श्रीगंगानगर में जमीन विवाद में भाई ने कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर बड़ी बहन की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी भाई शव के पास बैठा रहा। युवती के लिव-इन पार्टनर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। घटना रावला थाना इलाके के गांव 8 डीओएल में रविवार शाम करीब 7 बजे की है। आरोपी ने बहन को फसल (गेहूं) का हिस्सा देने के बहाने घर बुलाया था। डीएसपी प्रशांत कौशिक ने बताया- प्रारंभिक जांच में बहन-भाई के बीच जमीन विवाद ही हत्या का मुख्य कारण सामने आया है। पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है। फसल का हिस्सा लेने घर बुलाया था आरोपी सुरेंद्र (25) पुत्र सोहन लाल बीएसटीसी का छात्र है। उसके पिता का निधन हो चुका है। सुरेंद्र के चार बहनें और एक भाई है। वह सबसे छोटा है। तीन बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है। वहीं मंजू (27) पिछले दो साल से एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में थी। वह दो महीने से रावला में एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत थी। रविवार सुबह सुरेंद्र ने मंजू को जमीन से उत्पादित गेहूं का हिस्सा देने के लिए बुलाया था। मंजू लिव-इन पार्टनर के साथ गांव 8 डीओएल में भाई के घर आई थी। लिव-इन पार्टनर मंजू को घर छोड़कर गांव में चला गया था। घटना के समय मंजू की मां गांव कालुवाला में अपने पीहर भांजे और भांजी की शादी में शामिल होने गई थी। कहासुनी के बाद कुल्हाड़ी से किया वार जानकारी के अनुसार, घर आने के बाद शाम को मंजू जमीन में अपने हिस्से की मांग करने लगी। इस बात पर दोनों बहन-भाई में कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि तैश में आकर सुरेंद्र ने घर में रखी कुल्हाड़ी से मंजू के सिर में जोरदार वार कर दिया। मंजू की चीख निकल पड़ी। वह अचेत होकर फर्श पर गिर गई। जब घर के बाहर लिव-इन पार्टनर ने मंजू की चीख सुनी तो वह दौड़कर अंदर पहुंचा। उसने देखा कि मंजू फर्श पर लहूलुहान पड़ी है और सुरेंद्र के हाथ में खून से सनी हुई कुल्हाड़ी है। उसने तुरंत रावला पुलिस थाने में सूचना दी। डीएसपी प्रशांत कौशिक और SI गिरधारी सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो आरोपी सुरेंद्र शव के पास ही बैठा मिला। डीएसपी प्रशांत कौशिक ने बताया- पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रावला के सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया। आरोपी सुरेंद्र को हिरासत में ले लिया। घटना की सूचना की मंजू की मां और श्रीगंगानगर रह रहे दूसरे भाई को दी।