वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से श्रीगंगानगर जिले का मौसम पूरी तरह बदल गया है। सोमवार दोपहर को अचानक मौसम सुहावना हो गया, जबकि शाम होते-होते तेज आंधी चली। देर शाम जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण इलाकों में ओलावृष्टि के साथ तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। मंगलवार सुबह आसमान पूरी तरह साफ रहा और तेज धूप निकल आई। तापमान में गिरावट दर्ज, गर्मी से मिली राहत मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर पर मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री दर्ज किया गया। सोमवार को न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री और अधिकतम 38.7 डिग्री रहा था, जबकि रविवार को अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री तक पहुंच गया था। तापमान में आई इस गिरावट से मौसम में ठंडक महसूस की जा रही है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। 3-4 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट, तेज हवाओं की संभावना मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आगामी तीन-चार दिन जिले में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। दोपहर बाद आंधी-बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। अलग-अलग क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। साथ ही हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश भी हो सकती है।