श्रीगंगानगर जिले में 'अर्नब चक्रवात' का असर दिखने लगा है। सुबह और शाम के समय ठंड होने लगी है। अलसुबह लोग गर्म कपड़े पहनकर घरों से निकल रहे हैं। मौसम में गुलाबी ठंड का एहसास होने लगा है। हालांकि दोपहर के समय तेज धूप के कारण गर्मी का असर खत्म नहीं हुआ है। जिले में लगातार गिर रहा पारा मौसम रडार स्टेशन, श्रीगंगानगर पर शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 16 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री और अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं, बुधवार को न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री और अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ था। लगातार गिरते तापमान से सुबह-शाम ठंडक बढ़ने लगी है। शुक्रवार सुबह से ही जिले में सर्द हवाएं चल रही हैं। इसके चलते मौसम में ठंडक बनी हुई है। सुबह और शाम के समय लोगों को हल्की सर्दी महसूस हो रही है, जबकि दोपहर में धूप के कारण गर्मी का अहसास हो रहा है। ऐसे में जिले में दिन और रात के मौसम में अंतर देखने को मिल रहा है।