श्रीगंगानगर में लंबे इंतजार के बाद मानसून के दोबारा सक्रिय होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 23 जुलाई से पश्चिमी राजस्थान में मानसून एक्टिव होगा। इसके प्रभाव से 23 से 28 जुलाई के बीच श्रीगंगानगर, बीकानेर और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। 23 जुलाई से बदलेगा मौसम मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी भारत के ऊपर बना वेल-मार्क्ड लो-प्रेशर एरिया अब कमजोर होकर सामान्य कम दबाव वाले क्षेत्र में बदल गया है। वहीं मानसून ट्रफ भी अनुकूल स्थिति में आ रही है। हालांकि अगले तीन-चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मानसून की गतिविधियां कमजोर रहेंगी। 21 जुलाई से पूर्वी राजस्थान में बारिश बढ़ने की संभावना है, जबकि 22-23 जुलाई से पश्चिमी और मध्य राजस्थान में भी मानसून सक्रिय हो जाएगा। 23 से 28 जुलाई तक बारिश के आसार मौसम विभाग के अनुसार 23 से 28 जुलाई के बीच श्रीगंगानगर, बीकानेर और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है। 25 जुलाई तक बारिश नहीं हुई तो बढ़ेगी चिंता दूसरी ओर किसानों की चिंता लगातार बढ़ रही है। 25 जुलाई तक बारिश नहीं होने की स्थिति में इलाके में अकाल जैसी परिस्थितियों की आशंका जताई जा रही है। सिंचित भूमि में बोई गई फसलें तेजी से मुरझाने लगी हैं। 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान के कारण खेत झुलस रहे हैं और नहरी पानी की कमी से स्थिति और गंभीर हो गई है। सिंचाई के पानी से बुवाई तो हो गई, लेकिन अब फसलों को बचाए रखना किसानों के लिए मुश्किल होता जा रहा है। तीन में से एक फसल पूरी तरह खराब होने की कगार पर पहुंच गई है। तापमान में बनी हुई है बढ़ोतरी मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर पर शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 30 डिग्री और अधिकतम 41.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। इससे एक दिन पहले न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री और अधिकतम 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।