श्रीगंगानगर में मौसम का मिला-जुला मिजाज बना हुआ है। सुबह और शाम हल्की ठंड का एहसास हो रहा है, जबकि दोपहर में तेज धूप और गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। इस बीच आसमान में बादलों की आवाजाही भी जारी है। बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान अर्नब के असर के बीच जिले में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर पर मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले सोमवार को न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री और अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। वहीं, रविवार को न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री और अधिकतम तापमान 31.0 डिग्री दर्ज हुआ था। जिले में अगले तीन से चार दिन तक मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान बारिश की संभावना नहीं है। ऐसे में दिन और रात के तापमान में अंतर बना रह सकता है। सुबह-शाम हल्की ठंड और दोपहर में गर्मी का असर जारी रहने की संभावना है।