श्रीगंगानगर में 20 साल के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने का मामला सामने आया है। युवक खेत में काम करने के लिए गया था, इस दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद युवक को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां युवक ने दम तोड़ दिया। मामला श्रीगंगानगर के गजसिंहपुर थाना क्षेत्र का है। एसपी को दी शिकायत में मृतक की मां रोशनी देवी ने बताया कि उनका परिवार मजदूरी करता है। उनका 20 साल का लड़का महावीर मजदूरी करता था। आरोप है कि उसकी दादी के लड़के मनोहरलाल निवासी प्रेमपुरा (श्रीगंगानगर) के जरिए राजा सिंह ने महावीर को गजसिंहपुर के नजदीक अपनी ढाणी में काम के लिए बुलाया था। परिवार ने विश्वास करते हुए महावीर को 30 अगस्त को मनोहर के साथ राजा सिंह की ढाणी में भेज दिया। महावीर के पास खुद का मोबाइल फोन नहीं था। इसके बाद 4 सितंबर को परिवार को मनोहर का फोन आया। उसने बताया कि महावीर को बुखार और उल्टी हो रही है। जिसके बाद महावीर को गजसिंहपुर के सरकारी हॉस्पिटल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज करने से मना कर दिया। इसके बाद परिजन उसे श्रीगंगानगर के सरकारी हॉस्पिटल लेकर आए। वहां से उसे बीकानेर रेफर किया गया। इस बीच हालत बिगड़ने पर उसे श्रीगंगानगर के प्राइवेट हॉस्पिटल आरेस में भर्ती करवा दिया। महिला में बताया कि परिवार महावीर से मिलने हॉस्पिटल पहुंचना चाहता था, लेकिन उसके बेहोश होने के कारण मुलाकात नहीं हो सकी। इस दौरान परिवार ने राजा सिंह से महावीर की हालत के बारे में जानकारी मांगी तो उसे कोई जवाब नहीं मिला। मां का आरोप है कि बाद में जब डॉक्टर से भी इस संबंध में जानकारी ली गई तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि परिवार ने राजा सिंह को कानूनी कार्रवाई की बात कही तो वह कथित रूप से भड़क गया और इलाज करवाने की बात कहकर मामले को टालने लगा। इलाज के दौरान महावीर की मौत हो गई। मां ने आरोप लगाया कि बेटे को जब हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया तो उसके कपड़ों पर लाल रंग के खून जैसे धब्बे दिखाई दिए। इससे परिवार को संदेह हुआ कि महावीर के साथ खेत में कोई गंभीर घटना हुई हो सकती है। राजा सिंह और मनोहर ने महावीर से खेत में स्प्रे करवाया। उनका दावा है कि इसी दौरान उसके साथ कोई घटना हुई और उसकी मौत हो गई। फिलहाल मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण व खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।