श्रीनगर में राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर मजरा बावड़ी के निकट गुरुवार रात एक सड़क दुर्घटना में 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान बावड़ी निवासी भागचंद पुत्र कालू गुर्जर के रूप में हुई है। श्रीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को श्रीनगर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। शुक्रवार को सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जानकारी के अनुसार, भागचंद गुरुवार रात करीब 11:15 बजे अपने खेत से फसल को पानी पिलाकर लौट रहे थे। वे राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रभु की पार्किंग के सामने एक केबिन पर चाय पीने के लिए पैदल जा रहे थे। इसी दौरान, एक कंटेनर ट्रक के चालक ने पीछे से भागचंद को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतक के बड़े भाई अंबा लाल ने ट्रक चालक के खिलाफ श्रीनगर पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।