अजमेर में शादी का झांसा देकर एक छात्रा के साथ तीन साल तक दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक ने पहले खुद को संपन्न परिवार का बताकर युवती से संपर्क किया और शादी का प्रस्ताव रखा। धीरे-धीरे उसने युवती और उसके परिवार का विश्वास जीत लिया। इसी दौरान एक दिन आरोपी युवती को अपने दोस्त से मिलाने के बहाने एक होटल ले गया, जहां उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो भी बना लिया। अश्लील वीडियो से किया ब्लैकमेल इसके बाद आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवती को लगातार ब्लैकमेल करता रहा। आरोप है कि पिछले करीब तीन साल से आरोपी अलग-अलग जगहों पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। विरोध करने पर आरोपी मारपीट करता और पीड़िता व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देता था। जबरन पैसे और गहने हड़पे पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने उससे जबरन पैसे और जेवर भी हड़प लिए तथा उसके नाम पर लोन तक उठाया। हाल ही में फिर से जबरन ले जाकर दुष्कर्म करने और मारपीट की घटना के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।