जोधपुर| ग्राम पंचायत जालेली फौजदार की नवनिर्वाचित सरपंच सुगना देवी ने पंचायत को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने ग्रामीणों के सहयोग से नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने की बात कही। साथ ही पंचायत के विकास और सामाजिक हित के कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प भी जताया। सुगना देवी ग्राम पंचायत जालेली फौजदार में निर्विरोध सरपंच निर्वाचित हुईं। निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचन अधिकारी ने उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान किया। उनके निर्विरोध निर्वाचन पर महेंद्र गोदारा, बंटी गोदारा सहित ग्रामीणों में खुशी का माहौल रहा। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में पंचायत में विकास कार्यों को गति मिलेगी और नशामुक्ति की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।