इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के अंतर्गत 12वीं राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता का आयोजन भारत मंडपम, नई दिल्ली में किया गया। इस राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में राजस्थान के 51 छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा एवं नवाचारों का प्रदर्शन किया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में सवाई माधोपुर जिले का प्रतिनिधित्व राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भदलाव की छात्रा सुमन कंवर ने किया। राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में जिले की छात्रा की सहभागिता से विद्यालय एवं जिले का गौरव बढ़ा है। इंस्पायर अवार्ड मानक योजना विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मक सोच तथा नवाचार की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी मौलिक परियोजनाओं एवं वैज्ञानिक विचारों को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है। जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार गुप्ता ने छात्रा की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य डॉ. सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि सुमन कंवर इससे पूर्व भी राज्य स्तर पर जयपुर एवं नागौर में आयोजित इंस्पायर अवार्ड कार्यक्रमों में सवाई माधोपुर जिले का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। उनकी निरंतर सहभागिता उनकी वैज्ञानिक अभिरुचि एवं नवाचार के प्रति उत्साह को दर्शाती है।