टोंक| महादेववाली स्थित महादेव शिवालय में पहली बार 10 दिवसीय शिव महापुराण ज्ञानयज्ञ कथा का आयोजन होगा। इसके साथ ही देवशयनी एकादशी पर 25 जुलाई को सुंदरकांड पाठ का आयोजन भी किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर मंदिर श्री महादेवजी विकास समिति की बैठक मंदिर परिसर में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष दिनेश कुमार चौरासिया ने की। समिति के महामंत्री अभिषेक कुमार शर्मा ने बताया कि समिति के तत्वावधान में 25 जुलाई को देवशयनी एकादशी पर सुंदरकांड पाठ होगा। 10 से 20 अगस्त तक शिव महापुराण ज्ञानयज्ञ कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा का वाचन वृंदावनधाम के प्रसिद्ध कथा प्रवक्ता पुरुषोत्तम शरण दास महाराज करेंगे। इसे लेकर विभिन्न समितियों का गठन किया गया। तैयारियों को शीघ्र अंतिम रूप देने का निर्णय लिया गया। समिति अध्यक्ष दिनेश कुमार चौरासिया ने सभी सदस्यों व श्रद्धालुओं से आयोजन को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए तन-मन-धन से सहयोग करने की अपील की।